May 28, 2008

katha yatra coffee ki

आप कितनी बार किसी कैफ़े में गए हैं या अपने घर पर ही बैठकर अपने पसंदीदा पेय का मज़ा लेकर तरोताज़ा होने का आनंद उठाया है? आपको शायद पता भी नहीं होगा. किंतु क्या कभी आपने सोचा है कि इसकी शुरुआत कहाँ से हुई, और कैसे यह आपके दैनिक जीवन का एक हिस्सा बन गई?
सामान्यत: यह माना जाता है कि कॉफ़ी का पौधा सबसे पहले 600 ईस्वी में इथियोपिया के कफ़ा प्रांत में खोजा गया था. एक दंतकथा के अनुसार मान्यता है कि एक आलसभरी दोपहर को यह निराला पौधा कलड़ी नामक इथियोपियाई गड़रिये की नज़र में तब आया, जब उसने अपने पशुओं के व्यवहार में अचानक चुस्ती और फुर्ती देखी. सारी भेड़ें एक पौधे के चेरी-लाल रंग के बीजों को चर रही थीं, जिसके बाद वे पहले से ज़्यादा ऊर्जावान और आनंदित लग रही थीं. कलड़ी ने स्वयं भी कुछ बीज खाकर देखे और जल्द ही उसे भी अपनी भेड़ों की तरह अपने भीतर एक ऊर्जा और शक्ति का अनुभव हुआ.

15व‍ीं शताब्दी के अंत तक कॉफ़ी की महक मक्का के पवित्र शहर में पहुँच चुकी थी. पहले-पहले मस्जिद के सूफ़ी फ़कीरों द्वारा पसंद की जाने वाली कॉफ़ी जल्दी ही पूरे अरब क्षेत्र में लोकप्रिय हो गई. एक अन्य कथा के अनुसार, अरबियों ने कॉफ़ी अरेबिका नामक इस प्रभावी पेय के उपजाऊ बीजों की कई वर्षों तक जी-जान से देखभाल की.

इसके बाद - 17वीं शताब्दी में भारत के एक सूफ़ी तीर्थयात्री बाबा बुडान, ने यमन के मोचा बंदरगाह की यात्रा की जहाँ उन्हें कॉफ़ी का निराला स्वाद बहुत पसंद आया. वहाँ से वापस लौटने पर, उन्होंने अरब से लेकर आए उन विशेष बीजों को चिकमगलूरू की चंद्रगिरी पहाड़ियों में बोया.

और कहा जाता है कि बाकी सब कुछ इतिहास बन गया. कॉफ़ी का व्यावसायिक उत्पादन पश्चिम और पूर्वी घाटों की दूर तक फैली पहाड़ी श्रृंखलाओं में ब्रिटिश व्यवसायियों ने 19वीं शताब्दी में शुरु किया था.

अचानक खोजे गए जंगली बीजों से लेकर विश्व में सर्वाधिक पसंद किए जाने वाले पेय के रूप में कॉफ़ी ने लंबी यात्रा तय की है. कई महाद्वीपों के चक्कर लगाने के बाद ही यह हमारे हाथों तक पहुँची है. मोचा, कैपेचिनो, फ़िल्टर कॉफ़ी, कोल्ड कॉफ़ी, आप चाहे किसी का भी नाम ले लें, हमें यह विश्वास है कि आप भी हमेशा इसका उतना ही मज़ा उठाएँगे जितना मज़ेदार इसका इतिहास है.


आप आज के दौर में बाज़ार में कहीं भी या किसी भी प्रसिद्ध कैफ़े में चले जाएँ और निश्चित ही आपको कई प्रकार की कॉफ़ीज़ पेश की जाएँगी जिनमें से आप अपनी पसंद चुन सकते हैं. भुने हुए प्रकार, कई वैराइटीज़, मिश्रण, ब्रू, ग्राइंड्स, तैयार कॉफ़ी और आकर्षक क़ीमतें - अरे वाह!

किसको कैसी कॉफ़ी पसंद है यह उसकी अपनी प्राथमिकता और स्वाद पर निर्भर करता है. और यह पसंद दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग होती है, जिस पर आजकल स्थानीय संस्कृति और आदत का काफ़ी असर देखने को मिलता है. यहाँ हम कुछ ऐसी क्लासिक कॉफ़ीज़ के बारे में बता रहे हैं जिसका मज़ा दुनिया भर में लाखों लोग रोज़ाना उठाते हैं.

एस्प्रेसो
इसे पूरे विश्व में पसंद किया जाता है, इस स्ट्रांग ब्लैक कॉफ़ी को एक एस्प्रेसो मशीन में भाप को गहरे-सिंके हुए तेज़ गंध वाले कॉफ़ी बींस के बीच से निकालकर तैयार किया जाता है. एक बढ़िया एस्प्रेसो गाढ़ी, और सतह पर सुनहरे-भूरे क्रीम (फ़ोम) रंग की होती है.

कैपेचिनो
यह एक और बहुत ही लोकप्रिय कॉफ़ी है जो लगभग हर कॉफ़ी शॉप पर उपलब्ध होती है. असली कैपेचिनो हालाँकि एस्प्रेसो, गरम दूध और दूध की मलाई की समान मात्रा से मिलकर बनती है.

कैफ़े लैट्टे
कैफ़ै लैट्टे में एक भाग एस्प्रेसो का एक शॉट और तीन भाग गर्म दूध होता है. इतालवी में लैट्टे का मतलब दूध होता है. इसलिए जब आप रोम में हों तो इसका ध्यान रखें.

फ़्रैपी
यह कॉफ़ी यूरोप और लैटिन अमेरिका में बहुत पसंद की जाती है, विशेषकर गर्मी के महीनों में. यह ठंडी एस्प्रेसो होती है, जिसे बर्फ़ के साथ एक लंबे ग्लास में पेश किया जाता है, और अगर आप चाहें तो इसमें दूध भी मिला सकते हैं.

साउथ इंडियन फ़िल्टर कॉफ़ी (दक्षिण भारत की फ़िल्टर कॉफ़ी)
फ़िल्टर कॉफ़ी दक्षिण भारत का एक सामान्य पेय है. इसे दरदरी पिसी हुई, हल्की गहरी सिंकी हुई कॉफ़ी अरेबिका से बनाया जाता है. इसके साथ पीबेरी के दानों को सबसे अधिक पसंद किया जाता है. इसे सर्व किए जाने के पहले एक पारंपरिक धातु के कॉफ़ी फ़िल्टर में घंटों तक रिसा कर अथवा टपकाकर तैयार किया जाता है.

इस्टेंट कॉफ़ी (या सॉल्यूबल कॉफ़ी)
कॉफ़ी के द्रव को जमा कर (हिम शुष्कन) अथवा छिड़काव कर सुखाया जाता है. फिर उसे घुलनशील पाउडर या कॉफ़ी के दानों में बदलकर इंस्टेंट कॉफ़ी तैयार की जाती है. यह उन लोगों के लिए है जिन्हें तुरंत कॉफ़ी की ज़रूरत पड़ती है.

मोचा (मोचाचिनो)
मोचा कैपेचिनो और कैफ़े लैट्टे का मिश्रण है जिसमें चॉकलेट सिरप या पाउडर मिलाया जाता है. यह कई प्रकार में उपलब्ध होती है.

ब्लैक कॉफ़ी
टपकाकर तैयार किया गया यह तरल पेय, छनी हुई या फ़्रेंच प्रेस शैली की कॉफ़ी है जो बिना दूध मिलाए सीधे सर्व की जाती है.




आइस्ड कॉफ़ी
इसमें सामान्य कॉफ़ी को बर्फ़ के साथ, और कभी-कभी दूध और शक्कर मिलाकर सर्व किया जाता है.


कॉफ़ी के बारे में सबसे बढ़िया बात यह है कि इसे बहुत तरीकों से बनाया जा सकता है. कॉफ़ी से बनने वाली कुछ ये मजे़दार-लज्ज़तदार रेसिपीज़ आज़माएँ और वह भी घर पर ही!

फ़्रूट एंड स्पाइस
ताज़ा किसा हुआ संतरे का छिलका, दालचीनी, जायफल, लौंग और थोड़ी रेग्यूलर कॉफ़ी लें. सब एक साथ मिलाएँ और गर्म करें. अपने कप में नीचे संतरे की एक स्लाइस रखें. उसमें मिश्रण (कॉफ़ी) डालें, थोड़ी सी शक्कर और स्वाद के लिए क्रीम डालें. फेंटी हुई क्रीम से ऊपर अच्छी तरह सजावट करें और यदि चाहें तो थोड़ा सी दालचीनी और जायफल का पाउडर छिड़कें. अरे वाह! आपका स्पाइसी ऑरेंज तैयार है.

आर्टिक ब्लास्ट
गर्म कॉफ़ी और चॉकलेट सीरप को ब्लेंडर में डालकर तब तक ब्लेंड करें, जब तक सारा मिश्रण एकदम चिकना न हो जाए. इसे मध्यम आकार के बाउल में डालें. उस मिश्रण को रूम टेम्परेचर तक ठंडा करें. सॉफ़्ट आइस्क्रीम और कोल्ड कॉफ़ी मिलाएँ. बीटर से उसे स्मूथ होने तक पतला करें. लंबे ग्लासों में डालें और तुरंत सर्व करें. यम्मी... बिल्कुल ठंडा है न?

वेनिला आइस कॉफ़ी
कॉफ़ी, दूध, शक्कर और वेनिला को मिलाएँ; अच्छी तरह से फेंटें. इसे फ्रिज में ठंडा करें. वेनिला आइसक्रीम को बड़े पंच बाउल में रखें. आइसक्रीम के ऊपर कॉफ़ी का मिश्रण डालें, अब धीरे-धीरे हिलाएँ. फेंटी हुई क्रीम से उसे ऊपर से सजाएँ, जायफल पाउडर छिड़कें और तब सर्व करें.

1 comments:

मैथिली गुप्त said...

काफी पर आपका ये आलेख बहुत पसन्द आया