Oct 17, 2007

आरएसएस - कितनी भ्रांति कितना सच

गत दिनों भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स कुछ दिन के प्रवास पर अपने पिता डा० दीपक पंड्या के साथ भारत आयीं। वे अपने गांव गयीं, हैदराबाद तथा दिल्ली में अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुईं। सोनिया गांधी तथा राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल से भेंट की। उनके सभी कार्यक्रमों को समाचार माध्यमों ने पर्याप्त प्रसिद्धि दी। ठीक भी है, वे न केवल नारी शक्ति के उन्नयन की, अपितु भारतीय प्रतिभा की प्रतीक भी बन गयी हैं।

अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स गुजरात की राजधानी कर्णावती (अमदाबाद) में उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय संस्था रोटरी क्लब के मंच से नगर के प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित किया। इसमें उन्होंने कहा कि उन्हें अंतरिक्ष में जाने के लिए सैनिक जैसे कठोर प्रशिक्षण के साथ तालमेल बिठाने में कोई परेशानी नहीं हुई, चूंकि उनके परिवार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुशासित माहौल है। उनके पिता यद्यपि अब अमरीका में ही बस गये हैं; पर एक समय वे संघ में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंेने अंतरिक्ष में चक्कर लगाते समय भारत और श्रीलंका के मध्य स्थित सेतु के चित्र लिये थे।

उनके इस बयान को गुजरात के समाचार पत्रों ने तो खूब छापा; पर दिल्ली के सेक्यूलर मीडिया ने उसे दबा दिया। पर दिल्ली से छपने वाले अंग्रेजी साप्ताहिक आर्गनाइजर में उसके छपने से भारत के कांग्रेसियों और वामपंथियों में हड़कम्प मच गया है। वे इस पर स्पष्टीकरण देते फिर रहे हैं। उन्होंने अमदाबाद में कार्यक्रम के आयोजक के मुंह से भी कहलवाया कि सुनीता ने संघ या रामसेतु के बारे में ऐसा कुछ नहीं कहा; पर जो बात रिकार्ड में दर्ज हो चुकी है, उसे झुठलाना असंभव है।

जहां तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बात है, तो अनुशासन उसकी एक बड़ी पहचान है। केवल संघ ही नहीं, तो स्वयंसेवक सामाजिक जीवन में जहां भी काम करता है, वहां लोग उस पर सहज ही विश्वास करते हैं, चूंकि उन्हें मालूम होता है कि यह व्यक्ति संघ की प्रक्रिया में से निकल कर आया है। यहां तक कि जो लोग राजनीतिक कारणों से संघ का सार्वजनिक रूप से विरोध करते हैं, वे भी बंद कमरे में उसकी भूरि-भूरि प्रशंसा करने में पीछे नहीं रहते।

संघ के अनुशासन का रहस्य उसके कार्यक्रमों में छिपा है। संघ की शाखा पर जो कार्यक्रम होते हैं, वहां बड़े, छोटे या ऊंच-नीच का भेद नहीं होता। प्राय: शाखा पर कार्यक्रम कराने वाले युवा वर्ग के लोग होते हैं; पर उनकी आज्ञा का पालन उनके पिता की उम्र के लोग भी सहर्ष करते हैं। यदि सरसंघचालक भी किसी शाखा पर जाते हैं, तो वे उस शाखा के मुख्य शिक्षक के आदेश का पालन करते हैं, भले ही वह कक्षा दस का छात्र ही हो।

यही स्थिति संघ के बौद्धिक कार्यक्रमों की है। प्राय: उत्सव या शाखा पर सभी उम्र के लोग होते हैं। उनमें से अनुभवी लोगों को बोलने का अवसर दिया जाता है; पर कभी-कभी प्रशिक्षण के लिए या साहस बढ़ाने और अनुभव लेने के लिए छोटे कार्यकर्ता को भी बोलन या गीत आदि गाने को कहा जाता है। ऐसे समय में वह मंच पर या कुर्सी पर बैठता है और सब बड़े और अनुभवी कार्यकर्ता उसके सामने भूमि पर पंक्तिबद्ध होकर। वे उसकी बात को पूरे मनोयोग से सुनते हैं। बाद में उसकी पीठ थपथपा कर उसका साहस बढ़ाते हैं तथा यदि कहीं भूल हुई हो, तो उसे सुधारते हैं।

आरएसएस की शाखा सामान्यत: संघ के कार्यक्रमों में सब लोग भूमि पर ही बैठते हैं। हां, जो लोग उम्र या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण धरती पर नहीं बैठ सकते, उनके लिए कुर्सी का प्रबंध कर दिया जाता है; पर इसमें सम्पन्नता या किसी विशेष वर्ग के आधार पर भेद नहीं किया जाता।

इसी प्रकार संघ के शिविर में होता है। वहां सब नीचे सोते हैं। सब अपना बिस्तर और दैनिक आवश्यकता का सामान साथ लाते हैं। एक साथ रहना, खाना, खेलना और कार्यक्रमों में भाग लेने से समता और समानता से भी आगे समरसता की भावना सबके दिल में बस जाती है। इसी लिए संघ के स्वयंसेवक खानपान या शादी विवाह में जाति बंधनों से मुक्त रहते हैं।

ऐसे शिविर में भोजन सब लोग धरती पर पंक्ति में बैठ कर करते हैं। सामान्य स्वयंसेवक हो या बड़ा अधिकारी, सब वहीं बैठकर एक जैसा भोजन करते हैं। वितरण का काम भी शिविरार्थी स्वयंसेवक ही अपनी बारी आने पर करते हैं। इसमें भी जाति, वर्ग या क्षेत्र का बंधन नहीं होता। हां, उम्र या स्वास्थ्य के चलते कुछ लोगों के लिए विशेष प्रबंध होता है, यह अलग बात है।

संघ के अनुशासन के साथ ही उसकी देशभक्ति की भी अलग ही छवि है। इसी के चलते नेहरू जी ने संघ के स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस की परेड में आमन्त्रित किया था और लाल बहादुर शास्त्री ने भारत-पाक युद्ध के समय सरसंघचालक श्री गोलवलकर को बुलाकर परामर्श किया था। एक बार संजय गांधी ने भी युवा कांग्रेस की शाखा संघ की तर्ज पर लगाने का प्रयास किया था; पर नकल कभी असल नहीं हो सकती, इसलिए उनका यह प्रयोग औंधे मुंह गिर गया।

देशभक्ति के संस्कार भी शाखा के खेल, दंड, नियुद्ध, आसन, व्यायाम आदि शारीरिक कार्यक्रम तथा गीत, बोधकथा, सुभाषित, अमृत वचन, बौद्धिक आदि वैचारिक कार्यक्रमों में से प्राप्त होते हैं। इसी अनुशासनप्रियता और देशभक्ति के कारण संघ आज विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बना है। वह शासन से कोई सहायता नहीं लेता और राजनीति में भाग नहीं लेता। प्राय: सत्ता का उसे विरोध ही सहना पड़ा है, फिर भी वह सबसे आगे है।

जो लोग आज संघ का या सुनीता के बयानों का विरोध कर रहे हैं, उन्हें चाहिए कि वे संघ की कार्यशैली का अध्ययन करें। विरोध करने से संघ बढ़ेगा ही, घटेगा नहीं।

8 comments:

Batangad said...

जो, लोग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को एकदम से नकारते हैं। वो, आंख मूंदे हुए हैं।

drdhabhai said...

किनारे पर बैठकर लहरों की गहराई नापने वाले हमारे बुद्धीजीवी समाज को चाहिए की एक बार संघ की शाखा पर जा कर जरूर देखें

अनिल रघुराज said...

संघम् शरणम् गच्छामि...

Sanjay Tiwari said...

क्या मजाक करते हो यार. ये संघवाले हमेशा इसी तरह के उदाहरण खोज लाते हैं. कि महात्मा गांधी ने क्या कहा और सुनीता विलियम्स क्या कह रही हैं. यह तो आत्मविश्वास की कमी है.

संघ क्या है यह किसी से छुपा है क्या जो इस तरह के उदाहरणों में अपनी प्रासंगिकता खोज रहा है.

संजीव कुमार सिन्‍हा said...

यदि हम यह कहें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कारण देश की एकता और अखंडता मजबूत है तो इसमें अतिश्‍योक्ति नहीं है। भारत माता आज टुकडों-टुकडों में बंटी हुई है। इसे देश का दुर्भाग्‍य ही कहेंगे कि आज हमारा सबसे बडा शत्रु पाकिस्‍तान और बंगलादेश ही है। पूर्वोत्‍त्तर में ईसाई मिशनरियों के कारण अलगाववाद की भावना बढ रही है। कश्‍मीरी हिन्‍दू अपने ही देश में बेगाने बने हुए है। इस सबके खिलाफ कौन काम कर रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ। भारत में गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी की समस्‍याओं को दूर करने में संघ सतत जुटा हुआ है। एयरकंडीशन कमरों में जुगाली करने से क्रांति नहीं होती इसके लिए धरातल पर उतर कर काम करने की जरूरत होती है। संघ यही काम कर रहा है।

SHASHI SINGH said...

आलोकजी, नमस्कार!

अच्छा लगा कि आपने इस आलेख की प्रासांगिकता को समझा और अपने ब्लॉग के माध्यम से इसका प्रसार भी किया। धन्यवाद!

पर बंधु, और भी अच्छा होता यदि आप लेखक विजय कुमारजी का नाम भी देते (लिखने वाले का इतना हक़ तो बनता है) साथ इस लिंक का उल्लेख करना भी सराहनीय होता।
http://lokmanch.com/index.php?option=com_content&task=view&id=57&Itemid=59

शेष कुशल

Pramendra Pratap Singh said...

शशि भाई जी मै क्षमा चाहूँगा कि ऐसा हुआ, किन्‍तु यह गलत दृष्टि से नही किया गया है। जहॉं तक आपकी बात सत्‍य है लेखक का नाम दिया जाना था। वह सही भी है। इस ब्‍लग के माध्‍यम से हम एक सशक्‍त आवाज समाज के समक्ष रखना चाहते है। आपने अपना स्‍नेह दिया उनके लिये आप बधाई के पात्र है।

आपके कथनानुसार जल्‍द ही मूल लेखक का नाम जोड़ दिया जायेगा। हम पुन: आभारी है कि लोकमंच हमें अपना सहयोग दे रहा है। हम लेखक विजय कुमारजी के भी आभारी है, वह प्रसन्‍न होगें कि उनके लेख पर उनके नाम बिना भी अच्‍छी प्रतिक्रिया हुई है।

SHASHI SINGH said...

छोटे, तुमसे तो मुझे हमेशा स्नेह रहा है। मैं तुम्हें और तुम्हारी पूरी युवा मंडली को लोकमंच पर योगदान करने के लिए आमंत्रित करता हूं। तुम सब को मेरी शुभकामना!